Maharashtra

घाटकोपर होर्डिंग हादसे में मरने वालों की संख्या हुई 16, मलबे के नीचे से मिलीं दो और लाशें

मुंबई के घाटकोपर होर्डिंग हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़ती जा रही है। मलबे के नीचे से दो और लोगों की डेड बॉडी मिली है, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। दरअसल, मुंबई में 13 मई को अचानक आई धूल भरी आंधी और तूफान के कारण घाटकोपर के पंत नगर इलाके में एक विशालकाय होर्डिंग गिर गया। आस-पास के कई घर और एक पेट्रोल पंप इसके नीचे दब गया। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोग होर्डिंग के नीचे दब गए। 

88 अन्य के घायल होने की सूचना

होर्डिंग के नीचे दबे लोगों का लगातार रेस्क्यू किया जा रहा है। एनडीआरएफ के अधिकारी ने बताया कि मुंबई में होर्डिंग गिरने वाली जगह पर मलबे के नीचे से दो और शव मिले हैं। ऐसे में अब इस हादसे में दबकर मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है और 88 अन्य के घायल होने की सूचना है। इनके अलावा 60 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। कुछ लोगों के अब भी अंदर दबे होने की आशंका है। मलबे में पेट्रोल पंप के भूमिगत भंडारण के भी होने के कारण बचाव कार्य में ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल कम से कम किया जा रहा है, जिनसे आग लगने की आशंका हो।

हादसे वाली जगह पर लगी आग 

वहीं, मुंबई में यहां जिस जगह पर एक पेट्रोल पंप पर एक विशाल होर्डिंग गिरा था, उसके पास ही आज आग लगने से लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि आग को तुरंत काबू कर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार दोपहर होर्डिंग गिरने के बाद से आज लगातार तीसरे दिन बचाव कार्य जारी रहा। भारी लोहे के रॉड को काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे गैस कटर से आज आग लग गई। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर ही मौजूद थी। उसने 10 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग बुझाने के बाद बचाव कार्य पहले की तरह जारी रहा। 

Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button