Jabalpur: सॉफ्टवेयर इंजीनियर के स्कूटर के पास पी रहे थे शराब, मना करने पर चाकू से कर दी हत्या
Jabalpur Crime News: जबलपुर में चार लोगों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है उनसे पूछताछ की जा रही है.
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्कूटर के आसपास भीड़ लगाकर शराब पीने से रोकने के लिए चार लोगों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि यह घटना घमापुर थानाक्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को हुई. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान नवीन शर्मा के रूप में हुई है.
दशहरा देखने गया था सॉफ्टवेयर इंजीनियर
घमापुर थाने के प्रभारी सतीश कुमार अंधवान ने बताया कि 42 वर्षीय आईटी पेशेवर रविवार रात अपने दोस्त के साथ स्कूटर पर दशहरा देखने कांचघर गया था. उन्होंने बताया कि नवीन शर्मा जब देर रात करीब तीन बजे अपना स्कूटर लेने लौटा तो उसने देखा कि चार लोग उसके वाहन के चारों ओर इकट्ठा होकर शराब पी रहे थे. अंधवान ने बताया कि नवीन ने स्कूटर की सीट पर रखे शराब के गिलास हटाने को कहा, जिसके बाद आरोपियों ने बहस शुरू कर दी.

पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया
थाना प्रभारी ने बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि चारों लोगों ने नवीन पर धारदार हथियार से करीब आधा दर्जन वार किये और मौके से भाग गए. अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने नवीन को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि मामले के संबंध में पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है.
मृतक के भाई विजय के अनुसार नवीन की पसली और जांघ पर चाकू के वार के तीन निशान मिले हैं. विजय के अनुसार उसे आरोपियों का नाम तो मालूम नहीं है लेकिन वो घमापुर के ही रहने वाले हैं. उन्हें पहले भी घर के पास बैठकर शराब पीते हुए देखा गया था. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. मौके से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी बरामद हुए हैं.
- Sonu Lal Rai
- Sonu Lal Rai
- Sonu Lal Rai



