National

कोलकाता कांड का विरोध: डॉक्टरों के संघ ने लिया बड़ा फैसला, आज से देशभर में वैकल्पिक सेवाओं के बहिष्कार का किया एलान

चिकित्सकों के संघ ने देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है। इस बीच बंगाल भाजपा ने डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया। बंगाल भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं और पश्चिम बंगाल के लोगों से डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।

  1. बंगाल भाजपा ने किया डॉक्टरों के समर्थन का एलान।
  2. बंगाल सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप।

एएनआई, कोलकाता। चिकित्सकों के संघ ने 14 अक्टूबर यानी सोमवार से देशव्यारी हड़ताल का एलान किया है। पश्चिम बंगाल भाजपा ने डॉक्टरों की हड़ताल का समर्थन किया है। अखिल भारतीय चिकित्सा संघों के महासंघ (FAIMA) ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल में अपने सहकर्मियों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए 14 अक्टूबर से देशभर में वैकल्पिक चिकित्सा सेवाओं का बहिष्कार करने का एलान किया है।एफएआईएमए ने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के करीब 50 वरिष्ठ डॉक्टरों और संकाय सदस्यों ने जूनियर डॉक्टरों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की महिला प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में पिछले 65 दिनों से जूनियर डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन ने देशभर के मेडिकल एसोसिएशनों और रेजिडेंट डॉक्टरों से बहिष्कार में शामिल होने की अपील की। संगठन ने पश्चिम बंगाल सरकार पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों की उपेक्षा का आरोप भी लगाया।

अपने बयान में संगठन ने क्या कहा?

संगठन ने एक बयान में कहा कि पिछले 65 दिन से अधिक समय से हमारे सहयोगियों ने विरोध प्रदर्शन किया। एक सप्ताह से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। मगर पश्चिम बंगाल सरकार ने सहयोगियों के प्रति उदासीनता दिखाई है।

सहयोगियों के साथ एकजुटता और डॉक्टरों व पेशेवरों पर लगातार बढ़ती हिंसा के खिलाफ फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने देशभर के सभी मेडिकल एसोसिएशनों और रेजिडेंट डॉक्टरों से 14 अक्टूबर से वैकल्पिक सेवाओं का बहिष्कार शुरू करने का आह्वान किया है। संगठन ने पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश में सभी स्वास्थ्य पेशेवरों की सुरक्षा की मांग भी की।

समर्थन में उतरी भाजपा

उधर, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पश्चिम बंगाल के लोगों से बड़ी संख्या में डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान डॉक्टरों की मांगों को पूरा करने का वादा किया था, मगर अब वह इससे मुकर गई है।

डॉक्टरों की मांगें जायज हैं: भाजपा

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, “पश्चिम बंगाल भाजपा ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जूनियर डॉक्टर फ्रंट के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देती है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ जघन्य दुष्कर्म और हत्या के बाद प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की मांगें जायज हैं। उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। मजूमदार ने कहा, “हमें अपने डॉक्टरों की रक्षा करनी है और बंगाल को उन नकारात्मक ताकतों से बचाना है, जो इस समय राज्य के मामलों को नियंत्रित कर रही हैं।”

Website |  + posts

Related Articles

Back to top button