जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आईएनडीआईए के रूप में विपक्षी एकजुटता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत तक पहुंचने से भले ही रोक लिया हो, लेकिन अब राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के दलों में खींचतान बरकरार है।
महाराष्ट्र पहुंच रहे अखिलेश
हरियाणा में जीत को लेकर अतिविश्वास में डूबी रही कांग्रेस ने सपा का हाथ झटक दिया तो अब हरियाणा में हारी कांग्रेस को सपा ज्यादा भाव देने के मूड में नहीं है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस तीसरी सीट के रूप में मीरापुर की मांग कर रही थी, लेकिन गुरुवार को उस पर भी प्रत्याशी घोषित कर सपा ने सीधा संदेश दे दिया। उधर, 12 सीटों पर दावेदारी के साथ महा आघाड़ी पर दबाव बनाने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार को महाराष्ट्र पहुंच रहे हैं।
