PoK में पाकिस्तानी रेंजर्स पर पत्थरों से हमला:718 करोड़ के पैकेज के बाद भी नहीं माने प्रदर्शनकारी, महंगाई के खिलाफ 4 दिन से विरोध जारी

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में महंगाई और बिजली के दामों के खिलाफ 4 दिन से प्रदर्शन जारी हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को PoK के लिए 23 अरब पाकिस्तानी रुपए (718 करोड़ हिंदुस्तानी रुपए) के पैकेज की घोषणा की। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

पाकिस्तानी मीडिया डॉन न्यूज के मुताबिक, राहत पैकेज की घोषणा के कुछ देर बाद ही पाकिस्तानी रेंजर्स ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और फायरिंग की। इस दौरान 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं।

दरअसल, PM शरीफ की घोषणा के बाद पाकिस्तानी रेंजर्स को PoK छोड़ने का आदेश दिया गया था। इसके बाद रेंजर्स का 19 गाड़ियों को काफिला मुजफ्फराबाद के रास्ते बाहर जा रहा था, तभी शोरां द नक्का गांव में उन पर पत्थरों से हमला हो गया। इस दौरान पैरामिलिट्री की 3 गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। हमले के जवाब में रेंजर्स ने फायरिंग की।

‘PoK के लोगों की मांगें जायज’
इससे पहले शहबाज की घोषणा के बाद PoK के प्रधानमंत्री अनवारुल हक ने कहा था कि लोग यहां सस्ते दामों में रोटी की मांग कर रहे हैं। यह ऐसी मूलभूत मांग है जिसे नकारा नहीं जा सकता। बिजली और आटे के दामों का यह मुद्दा लंबे समय से लंबित था, जिसे केंद्र सरकार ही सुलझा सकती थी। शहबाज सरकार ने जो घोषणा की है, वह पाकिस्तान के अगले बजट में जोड़ा जाएगा।

राहत पैकेज के तहत PoK में आटे के दाम 77 रुपए/किलो से घटाकर 50 रुपए/किलो कर दिया गया है। वहीं बिजली के दाम में भी कटौती की गई है। डॉन न्यूज के मुताबिक, PoK में हर 100 यूनिट तक बिजली के दाम 3 रुपए, 300 यूनिट तक दाम 5 रुपए/यूनिट और 300 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करने पर 6 रुपए/यूनिट रहेगा।

प्रदर्शनकारी बोले- सरकार की घोषणा की कानूनी जांच कराएंगे
दूसरी तरफ, PoK में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही जम्मू कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने कहा है कि वह सरकार के नोटिफिकेशन की कानूनी तौर पर जांच कराएगी, उसके बाद ही प्रदर्शन वापस लेने पर फैसला किया जाएगा। JAAC ने कहा कि PoK की सरकार इस मामले में अब तक गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाती रही है। इसी वजह से वे अब इस राहत पैकेज पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं।

प्रदर्शनों को देखते हुए PoK के पॉलिटिकल एक्टिविस्ट अमजद अयूब मिर्जा ने भारत सरकार से पाकिस्तानी राजदूत को तलब करने की अपील की है। मिर्जा ने कहा कि पाकिस्तान में प्रदर्शनकारियों पर रेंजर्स ने फायरिंग की है। वहां लोग रोजमर्रा के सामानों के दाम में रियायतों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में दुनियाभर के समुदायों को साथ आकर PoK का समर्थन करना चाहिए।

PoK में कैसे हिंसक हुए प्रोटेस्ट

PoK में प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांगें…

Exit mobile version